बेटे की मौत के कुछ घंटे बाद इलाज के दौरान जमुनिया गांव निवासी 55 वर्षीय श्रीराम ने भी दम तोड़ दिया। घर में विवाद होने पर मंगलवार को दोनों ने जहर खा लिया था। माधोटांडा थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव निवासी श्रीराम और उसके बेटे बबलू का मंगलवार को किसी बात पर घर में विवाद हो गया था। पिता-पुत्र के बीच कहासुनी के बाद दोनों ने घर में रखी कीटनाशक दवा पी ली थी। जिला अस्पताल ले जाने पर बबलू को मृत घोषित कर दिया गया था। श्रीराम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां बुधवार को इलाज के दौरान श्रीराम ने भी दम तोड़ दिया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इधर, दोनों के जहरीली शराब पीने की चर्चा थी, जिसे एसपी देवरंजन वर्मा ने गलत बताया है। एसएचओ माधोटांडा मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि श्रीराम मूल रुप से पूरनपुर का रहने वाला था, जो तीन साल पहले यहां आकर बस गया था। उसका बेटा बबलू हरियाणा में मजदूरी करता था, जो 12 दिन पहले ही घर आया। उसी की शादी को लेकर पिता-पुत्र के बीच झगड़ा हुआ था। कहासुनी के दौरान बबलू ने पिता को थप्पड़ मार दिया था।