पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी ने बुधवार को लखनऊ से सहकारिता विभाग की मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी योजना का शुभारंभ किया। गांधी स्टेडियम स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और किसानों ने कार्यक्रम को लाइव देखा।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण रियायती छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। किसानों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि पोर्टल के साथ उर्वरक सेतु मोबाइल एप और उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव डाटाबेस सेंटर मोबाइल एप भी शुरू किए गए।
वहीं, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और आमजन को परिवहन की सुविधा देने के उद्देश्य से भारत टैक्सी योजना का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की ओर से समय से ऋण की अदायगी करने वाले छह किसानों को प्रशस्ति पत्र और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इनमें शौकात नगर खरौसा निवासी जसवंत सिंह, चितौड़टांडा निवासी अनिल कुमार, वाहदिया निवासी एकपाल सिंह, कैमा निवासी बालकृष्ण, सिंधौरा बिंदुआ निवासी गेंदन लाल और भूड़ा मगरासा निवासी भूपदेव शामिल रहे।
कृषि विभाग की ओर से सात किसानों नेमचंद्र, खबूचंद्र मौर्य, संतोष कुमार गुप्ता, ठाकुर दास, धनेन्द्रपाल, होरीलाल और ठाकुरदास को सरसों बीज की मिनीकिट भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, जिला पंचायत प्रशासक डॉ. दलजीत कौर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सत्यपाल गंगवार, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह और पूर्व जिला उपाध्यक्ष तुलाराम लोधी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ।