राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत नगर के सिरसा चौराहा के समीप जिला स्तरीय किसान मेला में गन्ना शोध परिषद से आए वैज्ञानिकों, अफसरों ने किसानों को गन्ना की नवीनतम तकनीकी, पेड़ी प्रबंधन, उन्नतिशील प्रजाति आदि की जानकारी दी। मेला में विभिन्न स्टाल लाए गए। किसानों ने स्टालों पर पहुंचकर कृषि संबंधी जानकारी ली।
पूर्व विधायक हरिश्चंद्र खंडेलवाल के प्लाट में हुए किसान मेला में गन्ना शोध परिषद शाहजहांपुर के प्रचार अधिकारी संजीव पाठक ने गन्ना की उन्नतिशील प्रजाति और गन्ना उत्पादन और आधुनिक तकनीकी के बारे में जानकारी दी। शोध के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुभाष सिंह ने पेड़ी प्रबंधन और अंत: फसली खेती की जानकारी दी। डॉ. एसपी सिंह ने गन्ना में लगने वाले रोग, नियंत्रण के बारे में बताया। एससीडीआई सुनील कुमार शुक्ला ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। मेला में गन्ना विभाग, गन्ना विकास परिषद पूरनपुर, पीलीभीत, कृषि विभाग, कृभको, इफ्को, एलएच चीनी मिल सहित कई विभागों के स्टाल लगे।
एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, सीओ राजेश्वर सिंह ने स्टालों का निरीक्षण किया। मेला में उप निबंधक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला पशुधन प्रसार अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, एआर सहकारिता आदि अधिकारी मौजूद रहे। तेज हवा के बावजूद मेला में किसानों की संख्या खासी रही। हालांकि पंडाल बार-बार उड़ने आदि से किसानों को काफी असुविधा हुई।
भाकियू ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
पूरनपुर। भाकियू के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंजीत सिंह ने किसान मेला मेें एसडीएम को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसान सहकारी चीनी मिल की पेराई क्षमता 25 हजार क्विंटल प्रतिदिन से बढ़वाकर एक लाख क्विंटल प्रतिदिन कराने, आधुनिक सहयंत्रों की स्थापना कराने, माफियागीरी से किसानों को निजात दिलवाने, चीनी मिल से निकला हुआ प्रदूषित पानी की समुचित व्यवस्था कराने ताकि समीप के किसानों का नुकसान न हो, चीनी मिल के कृषि फार्म को ठेका मुक्त कराकर कृषि फार्म मेें नई प्रजातियों की बुवाई कराने, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान मय ब्याज के शीघ्र दिलवाने की मांग की गई।