खुटार रेंज के गांव हंसपुर में हाथियों ने खराब की गन्ना की फसल।स्रोत:ग्रामीण
पूरनपुर। थाना सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के खेतों में घुसकर पिछले कई दिनों से फसल खाने और खराब करने वाले हाथी रविवार रात को क्षेत्र के खेतोंं में नहीं पहुंचे। इससे किसानों ने राहत की सांस ली। हाथियों ने रविवार रात को खुटार रेंज के हंसपुर के खेतों में घुसकर गन्ने और धान की फसल खाई और खराब की।
सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तीन हाथी खेतों में घुसकर फसलें खा रहे और खराब कर रहे है। रविवार रात को हाथी क्षेत्र के किसानों के खेतों में नहीं पहुंचे। शनिवार रात को हाथियों ने गांव सुल्तानपुर के रमाकांत के खेत में घुसकर गन्ने की फसल खाई और खराब की थी।
एकत्र हुए लोगों ने खुटार रेंज की टीम के साथ शोर-शराबा कर पटाखे दागे थे। इस पर हाथी गांव के समीप नहर को पार कर जंगल में चले गए थे। रविवार रात को हाथियों क्षेत्र में न आने पर किसानों ने राहत की सांस ली। हाथियों ने सीमा से सटे और खुटार रेंज के गांव हंसपुर में गांव नवदिया निवासी काका के गन्ने के खेत में, हंसपुर के काले सिंह के धान के खेत में घुसकर फसलें खाईं और खराब की।