ग्राम रूपपुर कमालू में पकड़ा गया मगरमच्छ। स्रोत:ग्रामीण
अमरिया। नदी व तालाबों से निकलकर आबादी क्षेत्र में पहुंच रहे मगरमच्छों की दस्तक कम होने का नाम नहीं ले रही है। रविवार की रात शहर से सटे रूपपुर कमालू गांव में देर रात एक मगरमच्छ आबादी के बीच पहुंच गया। मगरमच्छ को आबादी के बीच देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना के बाद पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ लिया।
रविवार रात करीब 11 बजे गांव रूपपुर कमालू में एक मगरमच्छ आबादी के बीच पहुंच गया। रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर मगरमच्छ पर पड़ी तो खलबली मच गई। कुछ ही देर में तमाम ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। इसी बीच मगरमच्छ एक घर के अंदर घुस गया, ग्राम प्रधान कमल कुमार ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। कुछ ही देर में डिप्टी रेंजर देव ऋषि सक्सेना व वन दरोगा शैलेंद्र कुमार यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को पकड़ा। डिप्टी रेंजर ने बताया कि मगरमच्छ को पकड़कर माला नदी में छोड़ दिया है।