बीसलपुर। किसान सहकारी चीनी मिल के द्वार स्थित क्रय केंद्रों पर खराब गन्ना न लिए जाने से नाराज किसानों ने सोमवार की रात करीब 10 बजे सड़क पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस के समझाने पर किसान माने।
सोमवार की रात काफी संख्या में किसान गन्ना लेकर चीनी मिल के केन यार्ड में पहुंचे। जांच टीम ने कई ट्राॅलियों और बैलगाड़ियों का गन्ना मानक के अनुरूप न होने के कारण फेल कर दिया। टीम का कहना था कि गन्ना जड़युक्त और मिट्टी लगा हुआ है।
जांच टीम ने दोष पूर्ण गन्ने से भरी ट्राॅलियों और बैलगाड़ियों को बाहर निकलवा दिया, इससे किसानों में रोष फैल गया। किसानों ने पहले केन यॉर्ड में जमकर हंगामा किया। इससे थोड़ी देर के लिए गन्ना तौल कार्य बंद हो गया।
मिल प्रशासन द्वारा सुरक्षा कर्मियों के बुला लिए जाने पर किसानों ने केन यार्ड से निकलकर मिल के सामने बीसलपुर-शाहजहांपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने से दोनों और वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गईं। चीनी मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी अवधेश कुमार ने किसानों को काफी समझाया लेकिन वे लोग नहीं माने।
मिल अधिकारियों के बुलाने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने समझा कर जाम लगा रहे किसानों को वहां से हटाया। चीनी मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी ने बताया कि उत्तेजित किसानों को समझाकर शांत कर दिया गया है।