अमरिया। जंगल से दूर क्षेत्र के तिरकुनियां नसीर गांव के आसपास दो दिन पूर्व से तेंदुए की चहलकदमी देखे जाने से क्षेत्रीय लोगों में दहशत है। किसान खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं। किसानों का कहना है कि सूरजपुर, बिसनपुर व गजरौला फार्म के बाद अब तिरकुनियां नसीर गांव में तेंदुआ देखा जा रहा है।
रविवार को शाम के समय खेतों की ओर चहलकदमी कर रहा तेंदुआ आबादी से महज 100 मीटर दूर श्मशान तक पहुंच गया। इसके चलते ग्रामीणों में काफी दहशत है। गांव निवासी रहीसुद्दीन मलिक ने बताया कि गांव से मात्र 100 मीटर की दूरी पर उनके धान के खेत में शनिवार की शाम को तेंदुए ने नील गाय को भी मार डाला था।
पिछले दो दिनों से तेंदुआ श्मशान में खड़ी झाड़ियां में डेरा जमाए हुए है। सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौका मुआयना कर निगरानी शुरू की है। वन दरोगा शैलेंद्र कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ निगरानी बढ़ा दी गई है।