देवीपुरा के प्रगतिशील किसान ने कृषि विभाग की मदद और अपनी लगन से गन्ने की बेहतरीन फसल पैदा की है। उनके खेत में खड़े गन्ने की लंबाई 16 फिट है। इसकी जानकारी होने पर डीएम ने कृषि अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
किसान दिवस पर गोष्ठी के दौरान डीएम ओएन सिंह को देवीपुरा के किसान के खेत में 16 फिट ऊंचा गन्ना होने की जानकारी हुई थी। इस पर शुक्रवार को वह कृषि उपनिदेशक एके सिंह साथ देवीपुरा पहुंचे। किसान के खेत में खड़ी फसल देखकर डीएम सहित सभी अधिकारी हैरत में पड़ गए। किसान हरिओम ने डीएम को बताया कि को-118 प्रजाति अन्य प्रजातियों की अपेक्षा दो गुना तक उपज देती है। उन्होंने बताया कि गन्ने की औसत ऊंचाई जहां 16 फिट तक है वहीं प्रति एकड़ उपज भी 600 क्विंटल आ रही है। डीएम ने खेत पर लगे सोलर पंप, गन्ने की पत्ती काटने का यंत्र मलचर व फर्टिलाइजर ब्राडकास्ट मशीन का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर मौजूद किसानों से भी हरिओम की तरह उन्नत खेती करने को प्रोत्साहित किया। इस मौके पर डीडीओ एके सिंह चंद्रौल, एआर आरबी गुप्ता, प्रदीप मिश्रा, राजवीर सिंह, महेश चंद्र, बसंतलाल, वीरेंद्र प्रताप, मिढ़ईलाल, जीत कुमार, ग्राम प्रधान अयोध्या प्राद, सुरेंद्र सिद्धार्थ, अनिल वर्मा, अरुणाशंकर शुक्ला, भगवानदास सहित कई लोेग मौजूद रहे।