बिलसंडा। तालाब के पास बैठे किसान पर सांड़ ने हमला कर दिया। सांड़ ने पीछे से आकर किसान को जमीन पर पटक दिया। उन्हें अस्पताल तो ले जाया गया मगर कोई फायदा नहीं मिला, जिला अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के रामताला गांव निवासी 50 वर्षीय बनवारी लाल खेती करते थे। सोमवार दोपहर वह मकान से तीन सौ मीटर दूर स्थित एक तालाब किनारे पेड़ की छांव में बैठे हुए थे। इस बीच अचानक आवारा सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। सांड़ ने बनवारीलाल को कई बार जमीन पर पटका जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। इस बीच चीखने पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने सांड़ को लाठी फटकार कर भगाया। परिवार वाले घायल बनवारीलाल को परिजन सीएचसी लाए। हालत गंभीर होने पर देर शाम जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में किसान को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर हरीशंकर वर्मा ने बताया कि सोमवार को मेमो से मिली सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बनवारी लाल की शादी नहीं हुई थी।