थाना क्षेत्र के ग्राम पिपराखास निवासी 18 बर्षीय इंटरमीडिएट का छात्र ताम्रध्वज सोमवार को मसूर की फसल देखने साइकिल से गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसकी साइकिल खेत से कुछ दूरी पर पड़ी मिली। परिवार वालों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम पिपराखास निवासी दयाराम राठौर की कस्बे में सिलाई की दुकान है। उन्होंने बताया कि उनका 18 बर्षीय पुत्र ताम्रध्वज जेएल मेमोरियल स्कूल में कक्षा 12 का छात्र है। सोमवार को दयाराम खेत पर गन्ना भरने गए थे। शाम को करीब चार बजे ताम्रध्वज घर से साइकिल लेकर गांव से दक्षिण दिशा में नवादा महेश से मुसरहा जाने वाले मार्ग पर स्थित खेत में मसूर की फसल देखने चला गया।
दयाराम ने बताया कि जब वह घर लौटे तो बेटे के बारे में पूछा। जब देर शाम तक वह नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की। उसकी साइकिल मसूर के खेत से 500 मीटर की दूरी पर पड़ी मिली, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। दयाराम ने बताया कि गुरुवार को ताम्रध्वज की दुकान पर किसी बात को लेकर एक युवक से लड़ाई हो गई थी। विवाद बढ़ने पर युवक ने शुक्रवार को अपने तीन चार साथियों के साथ दुकान पर आकर ताम्रध्वज से मारपीट की थी। पुलिस ने मामले की गुमशुदगी दर्ज करने के साथ ही आरोपी युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।