पीलीभीत। समयावधि पूरी होने के बाद भी ग्राम पंचायतों में परिवार रजिस्टर की फीडिंग का कार्य पूरा नहीं किया जा सका है। जिले के 50 ग्राम पंचायतों में इनका काम अब भी अधूरा है। शासन के प्राथमिकता वाले कार्याें में सचिव लापरवाह बने हुए हैं।
परिवार रजिस्टर की नकल के लिए ग्रामवासियों को चक्कर न लगाने हो, इसको लेकर परिवार रजिस्टर की नकल को ऑनलाइन फीडिंग कराए जाने के निर्देश जारी किए गए। इससे ग्रामवासी आसानी से इसे विभागीय साइट पर जाकर देख सकेंगे। शासन से जारी निर्देश में प्रदेश के 35 जिले में यह कार्य प्रथम चरण में अगस्त के अंत तक कराया जाना था। इसमें पीलीभीत जिले को भी शामिल किया गया। जिले की 720 ग्राम पंचायतों में 670 ग्राम पंचायतों में परिवार रजिस्टर की नकल की ऑनलाइन फीडिंग कर दी गई है, जबकि करीब 50 से अधिक ग्राम पंचायतों में अभी इसका काम पूरा नहीं किया जा सका है। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि शासन से आए निर्देशों का प्राथमिकता से कार्य कराया जा रहा है। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।