जर्जर और पुराने संसाधन बन रहे अघोषित कटौती की वजह
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। तमाम दावों के बाद भी विद्युत व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों तक फाॅल्ट की समस्या बढ़ने से अघोषित बिजली कटौती उपभोक्ताओं को परेशान कर रही है। बीते 24 घंटों में शहर के कई इलाकों में फॉल्ट से घंटों बिजली गुल रही। पुराने तार और जर्जर संसाधन अघोषित बिजली कटौती की वजह बने रहे।
शहर में कई सालों से विद्युत संसाधनों को दुरुस्त नहीं किया जा सका है। जर्जर तारों के अलावा पुराने ट्रांसफार्मरों को सहारे शेड्यूल के मुताबिक आपूर्ति मुहैया कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन मरम्मत के अभाव में बिजली संसाधन धोखा दे रहे हैं। आए दिन अघोषित कटौती का सिलसिला जारी रहता है।
इधर गर्मी बढ़ते ही स्थिति बिगड़ने लगी है। शहर में बुधवार रात से स्टेशन चौराहा, दूधिया मंदिर, मोहल्ला शरीफ के अलावा टाउन नंबर एक और नकटादाना फीडर से जुड़े कई मोहल्लों में फाॅल्ट के चलते घंटों बिजली गुल रही। विद्युत कर्मचारियों ने मरम्मत कर फाॅल्ट को दुरुस्त किया। जिसके बाद आपूर्ति को शुरू किया गया। बृहस्पतिवार को भी शहर के कई इलाकों में फाॅल्ट की समस्या से आपूर्ति प्रभावित रही। अवर अभियंता जहांगीर आलम ने बताया कि कुछ इलाकों में फाल्ट की समस्या से आपूर्ति प्रभावित हुई। जिससे दुरुस्त कर दिया गया।
000
माधोटांडा में जर्जर तार और लो वोल्टेज से बिजली प्रभावित
माधोटांडा कस्बे में बुधवार रात से बृहस्पतिवार तक विद्युत व्यवस्था लड़खड़ाई रही। जर्जर तारों के चलते आपूर्ति प्रभावित रही। इससे उपभोक्ता परेशान हो गए। भीषण गर्मी के चलते लोग घरों से बाहर निकल कर राहत लेते दिखाई दिए। कई उपभोक्ताओं ने ट्विटर के अलावा अफसरों को लिखित शिकायत सौंपी। उपभोक्ताओं का कहना है कि विद्युत उपकेंद्र के अफसर और कर्मचारी फोन बंद कर लेते हैं। जिससे समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाता।