तार फेसिंग को 27 लाख का प्रस्ताव भेजा
पिपरिया संतोष में बाघ के हमले की घटना के बाद वनसंरक्षक ने घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए जंगल किनारे सोलर तार फेसिंग को 27 लाख का प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द इस पर काम शुरू होगा। विभागीय स्टाफ वर्दी में रहकर पेट्रोलिंग करेगा, जिसकी प्रतिदिन रवानगी और आमद दर्ज की जाएगी। टाइगर रिजर्व के मुख्यालय पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान वनसंरक्षक ने बताया कि पांच और छह जनवरी को काजीरंगा में देश के सभी 50 टाइगर रिजर्व के अधिकारियों की बैठक हुई थी। इसमें पीलीभीत को टाइगर रिजर्व क्राइम कंट्रोल के मामले में देश में दूसरे स्थान पाया गया। जबकि काजीरंगा पहले स्थान पर है। टाइगर रिजर्व की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिपरिया संतोष पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया है, लेकिन जनसामान्य अभी भी जागरूक नहीं है। बृहस्पतिवार को मौके पर दो महिलाएं खेत में अकेली घूमती पाई गईं। सुरक्षा के सवाल पर उन्होंने कहा कि जंगल किनारे तार फेसिंग को डीएम स्तर से 10 लाख रुपये जारी किए थे, जिससे हल्दीडेंगा में काम चल रहा है। मुस्तफाबाद से हरदोई ब्रांच नहर की ओर फेसिंग के लिए 27 लाख का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने पर काम शुरू करा दिया जाएगा।
जल्द हाथी होगा उपलब्ध
वनसंरक्षक ने बताया कि टाइगर रिजर्व में गश्त एवं घटनाओं के समय जरूरत पड़ने पर दुधवा नेशनल पार्क से हाथी मंगाना पड़ता था, लेकिन जल्द पीलीभीत टाइगर रिजर्व को हाथी मिलने की उम्मीद है। इसकी अनुमति अंतिम दौर में हैं।
पीटीआर के बफर जोन में होगी बढ़ोत्तरी
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में सामाजिक वानिकी क्षेत्र के गोपालपुर और खुटार रेंज के मंडनपुर जंगल को बफर जोन के रूप में शामिल कराया जाएगा। इसके लिए प्रमुख वनसंरक्षक से वार्ता हो चुकी है। 22 जनवरी होने वाली बैठक में इसका प्रस्ताव सौंपा जाएगा।