मेडिकल कॉलेज में अब तक 400 मरीजों का किया जा चुका ऑपरेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मौसम बदलते ही आंखों से संबंधित मरीजों की संख्या रोजाना बढ़ती जा रही है। उपचार कराने पहुंच रहे मरीजों में मोतियाबिंद की शिकायत मिलने पर उनका ऑपरेशन किया जा रहा है। साथ ही सर्दी के मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
मेडिकल कॉलेज के नेत्र चिकित्सक कक्ष में रोजाना 80-100 मरीज उपचार कराने के लिए पहुंच रहे है। इसमें छोटे बच्चों के साथ बुजुर्ग भी शामिल है। बच्चों में आंखों का दर्द, पानी आना तो बुजुर्गों में एक आंख से कम दिखना, धुंधला दिखाई देना जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं।
ऐसे में डॉक्टर उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दे रहे है। डॉक्टर का कहना है कि आंखों से संबंधित समस्या होने पर तुरंत परामर्श लें। साथ ही आंखाें को साफ हाथ व रुमाल से ही साफ करें। ऐसा न करने पर आंखों में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
इसके साथ ही बुजुर्गों में मोतियाबिंद की समस्या भी सामने आ रही है। मेडिकल कॉलेज में पिछले तीन माह में लगभग 400 मरीजों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जा चुका है। नेत्र चिकित्सक डॉ सुरभि ने बताया कि मरीजों को आंखों से संबंधी बीमारियों को गंभीरता से लेने की जरूरत है। मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त दवाएं है। किसी भी कार्यदिवस में आकर मरीज उपचार करा सकते हैं।