शहर के स्टेशन मार्ग पर बाजार की ओर जाते ई-रिक्शा। संवाद
पीलीभीत। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर रोजाना लगने वाले जाम का कारण बन रहे ई-रिक्शों के मार्ग निर्धारण की कवायद तेज हो गई है। अफसर इसकी रूपरेखा तय कर रहे हैं। शहर के बाजार समेत अन्य मार्गों पर दिन में कई बार जाम की स्थिति बनती है। इसको लेकर पूर्व में कई बार योजना बनाई जा चुकी है, लेकिन जाम से निजात नहीं मिल सकी। अब फिर इस संबंध में प्रयास शुरू किए गए हैं।
शहर के स्टेशन मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। इस मार्ग पर दिन में कई बार जाम की स्थिति बनती है। सुगनढ़ी थाने से गैस चौराहे, नींबू मंडी, लोहा मंडी, जेपी मार्ग आदि स्थानों पर भी जाम की स्थिति बनती है। इन मार्गाें पर दिन में करीब चार से पांच बार जाम लगता है।
इससे लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जाम की स्थिति न बने। इसको लेकर अफसरों की ओर से कई बार कार्ययोजना बनाई गई, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। अब यातायात पुलिस के अफसरों की ओर से एक बार फिर से कार्ययोजना बनाई जा रही है। संवाद
इन मार्गों पर वाहनों को नहीं मिलेगा प्रवेश
इसमें गैस चौराहा, बरेली गेट, जेपी रोड, लोहा मंडी आदि जगह से आने वाले वाहनों को बाजार के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ई-रिक्शों का मार्ग तय करने पर काम शुरू हो गया है। साथ ही इस मार्ग पर सुरक्षा के लिहाज से ट्रैफिक पुलिस को तैनात किया जाएगा। यातायात निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शहर में ई-रिक्शों से जाम की स्थिति न बने, इसके लिए पूर्व में जारी मार्ग निर्धारण प्लान पर फोकस किया जा रहा है। कर्मियों की नियमित ड्यूटी लगाकर इसको और प्रभावी करने पर जोर दिया जा रहा है।