बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित परिषदीय, कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय व सहायता प्राप्त विद्यालयों में 15 मार्च से वार्षिक परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। डायट से प्रश्नपत्रों के बंडलों को स्कूलों में भेज दिया गया है।
सचिव बेसिक शिक्षा संजय सिन्हा ने वार्षिक परीक्षाएं 15 मार्च से 20 मार्च तक संपन्न कराने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने जनपद, विकासखंड व संकुल स्तर पर प्रश्नपत्रों के रखरखाव व वितरण के संबंध में बीएसए को दिशा निर्देश जारी किए हैं। इधर बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार कक्षा एक से आठ तक की वार्षिक परीक्षा की तैयारियां पूरी ली गई हैं। परीक्षा 15 मार्च से 20 मार्च तक होगी। यह परीक्षा जिले के 1230 प्राथमिक, 570 उच्च प्राथमिक स्कूल, नौ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय व 12 सहायता प्राप्त विद्यालयों में संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा में कुल 1,13400 बच्चे शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि मूल्यांकन कार्य 22 मार्च से 24 मार्च तक जाएगा, जबकि 26 से 29 मार्च तक परीक्षाफल तैयार करने के साथ 31 मार्च को परीक्षाफल का वितरण किया जाएगा। इसको लेकर सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। परीक्षा के लिए उत्तर पुस्तिकाओं की व्यवस्था विद्यालय प्रबंध समिति स्तर पर कराई गई हैं। इसको लेकर धनराशि भी विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है।