माधोटांडा क्षेत्र में भारत-नेपाल से सटे इलाके की चौकी पर जवानों के साथ बैठक करते एसएसबी के आईजी
पीलीभीत। दो दिवसीय ऑपरेशन तैयारी के तहत पीलीभीत पहुंचे एसएसबी के आईजी अमित कुमार ने भारत-नेपाल सीमा से सटे विभागीय चेकपोस्ट और चौकी की जायजा लिया। जवानों से बातचीत कर स्थिति जानी। उन्होंने साफ कहा कि सीमा सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं है और सतर्कता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के उद्देश्य से एसएसबी के आईजी अमित कुमार ने पीलीभीत पहुंचकर बॉर्डर क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। उत्तराखंड के रानीखेत स्थित सीमांत मुख्यालय से आए आईजी ने दो दिवसीय ऑपरेशन तैयारी के दौरान जिले की चेक पोस्टों और चौकियों की सुरक्षा तैयारी को बारीकी से जांचा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जवानों को कर्तव्य पर सतर्कता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। आईजी ने थाना माधोटांडा क्षेत्र की नौजल्हा चेक पोस्ट और नगरिया कट चौकी का स्थलीय निरीक्षण कर जवानों की ऑपरेशन तैयारी, तैनाती व्यवस्था और उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने चौकियों की साफ-सफाई, अभिलेख रखरखाव और सुरक्षा उपकरणों की स्थिति भी जांची।
निरीक्षण के दौरान एसएसबी 49वीं वाहिनी के कमांडेंट शेर सिंह चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उत्कृष्ट कार्यों के लिए जवानों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर मनोबल ओर मजबूत तैयारी ही सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाती है। आईजी अमित कुमार ने इस दौरान मुख्यालय पर एसपी अभिषेक यादव से मुलाकात कर सीमा सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं पर बातचीत की।