बीसलपुर। कासगंज की निर्माण एजेंसी ने हामी भरने के बाद भी रेलवे स्टेशन के सामने सड़क सही नहीं कराई है। बनते ही सड़क में दरार आने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठे थे।
कासगंज की हनुमान कंस्ट्रक्शन नामक निर्माण एजेंसी ने दीपावली से काफी पहले रेलवे स्टेशन के सामने सड़क बनवाई थी। निर्धारित अवधि से पहले ही नवनिर्मित सड़क में दरार पड़ गई, जिससे सड़क के निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री लगाए जाने की चर्चा होने लगी।
निर्माण एजेंसी ने बताया कि बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल मकसूदपुर के कोयला भरे डंपर इस नवनिर्मित सड़क पर निर्धारित समय से पहले ही दौड़ने लगे, ऐसे में सड़क पर दरार पड़ गई। पहले तो कार्यदायी संस्था ने सड़क निर्माण से इन्कार किया, बाद भी हामी भर ली। मगर एक पखवाड़ा गुजर जाने के बाद भी एजेंसी ने सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया।
इस बाबत लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एस के जैन ने बताया कि यह निर्माण एजेंसी नगर से गांव मकरंदापुर तक जाने वाली सड़क बनवा रही है। उस सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद निर्माण एजेंसी यह सड़क सही करेगी।