पीलीभीत। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) योजना के तहत 414 लाभार्थियों ने किस्त मिलने के बाद भी आवास पूरे नहीं बनवाए हैं। परियोजना अधिकारी ने ऐसे लोगों को नोटिस जारी करते हुए सात दिनों में काम पूरा कराने की चेतावनी दी है।
आवास सर्वे के बाद पता चला कि नगर पालिका पीलीभीत के 134 लाभार्थी, नगर पालिका परिषद बीसलपुर के 26 लाभार्थियों, नगर पालिका परिषद पूरनपुर के 85 लाभार्थियों, नगर पंचायत जहानाबाद के 33 लाभार्थियों, नगर पंचायत बिलसंडा के 02 लाभार्थी, नगर पंचायत कलीनगर के 50 लाभार्थियों, नगर पंचायत बरखेड़ा के 08 लाभार्थियों एवं नगर पंचायत न्यूरिया हुसैनपुर के 73 लाभार्थियों ने आवास निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराया है। जबकि ये लाभार्थी आवास की पूरी किस्त ले चुके हैं।
कुल 411 लाभार्थियों द्वारा आवास निर्माण का कार्य पूर्ण नहीं कराया गया है। परियोजना अधिकारी डूडा जया सिंह ने बताया सभी को नोटिस जारी किया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि सात दिवस में आवास निर्माण कार्य प्रारंभ करते हुए एक माह में आवास निर्माण कार्य पूर्ण करा लें। अन्यथा की स्थिति में निर्गत की गई धनराशि की वसूली के लिए आरसी जारी की जाएगी।