जंगल से निकलकर एक भालू गांव नजीरगंज के पास पहुंच गया तो लोग दहशत में आ गए। तमाम लोगों ने शोर-शराबा करते हुए भालू का पीछा किया तो वह गांव के पास ही आम के पेड़ पर चढ़ गया। उसे देखने के लिए आसपास गांवों के लोगों की भीड़ जमा हो गई। शाम तक भालू पेड़ पर ही चढ़ा हुआ था। सूचना पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी उसे पेड़ से उतारकर जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास मेें जुटे हैं।
सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में सोमवार को दिन में जंगल से निकला भालू आबादी मेें आ गया। भालू गांव सुल्तानपुर, पिपरा, रसूलापुर, महादेव, झबरा, पजाबा, निजामपुर होते हुए नजीरगंज के समीप पहुंच गया। आबादी के समीप भालू के घूमने की सूचना पर तमाम लोग लाठी, डंडे लेकर शोर-शराबा करते हुए भालू के पीछे भागे। लोगों से बचने के लिए भालू गांव नजीरगंज के समीप आम के पेड़ पर चढ़ गया। उसे देखने के लिए आसपास गांवों के तमाम लोगों की भीड़ उमड़ी। सूचना पर निलंबित वन रक्षक नवीन सिंह, वाचर सुरेश और राजीव के साथ मौके पर पहुंचे। वन कर्मियों ने लोगों को भालू के समीप न जाने की हिदायत दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शाम तक वन विभाग के कर्मचारी भालू को पेड़ से उतार जंगल में भेजने के प्रयास में जुटे रहे।