जलाभिषेक के दौरान कांवड़ियों और मंदिर कमेटी के लोगों के बीच हुई मारपीट मामले में दोनों पक्षों पर कार्रवाई होगी। सीओ सिटी ने मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश कोतवाली पुलिस को दिए है। वहीं, मूकदर्शक बने रहे पुलिसकर्मियों की भी जांच होगी। सीओ सिटी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
बता दें कि सावन के तीसरे सोमवार को प्राचीन गौरीशंकर मंदिर में कांवड़ियों और मंदिर कमेटी के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। आधे घंटे तक मंदिर परिसर में हंगामा मचा रहा। इस दौरान मौके पर तैनात एसओ गजरौला विवेक त्रिवेदी, सेहरामऊ कोतवाल सिकंदर सिंह यादव और महिला एसओ अनुपमा सिंह मूकदर्शक बने रहे थे। किसी तरह सीओ सिटी और कोतवाल ने मामले को शांत कराया था। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले में अफसरों के निर्देश का इंतजार करती रही। जिसके बाद अब सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट ने सख्ती की है। मंदिर में भक्तों की भीड़ के बीच मारपीट करने पर दोनों पक्षों पर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। इसमें दोनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। कोतवाल हरगोविंद सिंह और खकरा चौकी प्रभारी एसके तोमर मंदिर में लगे सीसीटीवी की फुटेज चेक करने में जुट गए है। सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कर्मियों की लापरवाही की भी जांच की जा रही है।