दिनभर के आश्वासन के बाद भी बिजली सप्लाई सुचारू न होने पर भीड़ भड़क उठी। टनकपुर हाइवे पर नकटादाना चौराहा पहुंचकर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों को यहां से हटाए जाने के बाद उन्होंने उपकेंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर शांत कराया। एक युवक को गिरफ्तार भी किया गया है। गुस्साए लोगों के प्रदर्शन को लेकर हड़कंप की स्थिति रही।
शनिवार को पूरे दिन नकटादाना उपकेंद्र के पैनल में आग लगने से यहां से संचालित छह फीडरों की बिजली गुल हो गई थी। इसके बाद से विभागीय अफसर सुधार की बात कहकर आश्वासन देते रहे। पब्लिक इंतजार करती और रात में सब्र टूृट ही गया। देर रात आवास विकास, भूरे खंा और आसपास के इलाके के लोग नकटादाना चौराहा पर पहुंच गए, जिसके बाद जाम लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी गई। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली और सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद लोगों को शांत कराने की कोशिश की गई। दोनों के बीच जमकर नोकझोंक हुई, जिसके बाद भीड़ को हटा दिया गया। पर गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ, चंद मिनट बाद दुबारा भड़क गया। बिजली से परेशान लोगों ने नकटादाना उपकेंद्र पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। अफसरों पर सही जवाब न देने का आरोप लगाकर नारेबाजी की गई। विभागीय कर्मचारियों ने आश्वासन देने की कोशिश की, लेकिन पब्लिक को मनाने में असफल रही। भीड़ ने बिजली सप्लाई सुचारू कराने की मांग पर विरोध तेज कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार शर्मा, सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी अतुल प्रधान, कोतवाल हरगोविंद सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। प्रदर्शनकारी अफसरों के कहने के बाद भी नहीं मानें और भिड़ना शुरू कर दिया, जिसके बाद सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने भीड़ को खदेड़ दिया। इस दौरान एक युवक की अधिकारियों से तीखी नोकझोंक होने लगी। शांत न होने पर सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। पब्लिक को शांत कराकर पकड़े गए युवक को कोतवाली ले जाया गया। पूरी रात हवालात में रखने के बाद दूसरे दिन कानूनी कार्रवाई पूरी कर पुलिस ने उसे निजी मुचलके पर छोड़ा।
नहीं सुधरे हालात, फिर गुल रही बिजली
चंद घंटे पहले हुए प्रदर्शन के बाद भी विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। पूरी रात बिजली गुल रही। फाल्ट के चलते नकटदाना फीडर से सप्लाई ठप पड़ी रही। रातभर लोग बिजली को लेकर परेशान रहे। आवास विकास कॉलोनी, निरंजनकुंज, आसफजान, साहूकारा , भूरे खां, शिवनगर समेत आधे शहर की बिजली शनिवार रात से लेकर रविवार दोपहर तक नहीं आई। जिसको लेकर लोगों में खासी नाराजगी रही। नतीजन आक्रोश दुबारा सड़कों पर दिखाई दिया। गैस चौराहा पर एकत्र होकर पहुंचे आसपास के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों पर भी अनदेखी का आरोप लगाकर व्यंग्य कसे गए।
लॉ एंड आर्डर पर भारी न पड़ जाए बिजली
पीलीभीत। पिछले दस दिन से लगातार बिजली को लेकर मचा हाहाकार कानून व्यवस्था के लिए आफत न बन जाए। इस बात का मलाल भले ही विद्युत विभाग को न हो, लेकिन पुलिस महकमे को यह चिंता भी सताने लगी है। इसको लेकर विभागीय अधिकारियों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास खाकी करेगी।
बता दें कि प्रदर्शन की शुरूआत धुनों वाले चौराहा से हुई। डालचंद, बेनी चौधरी के लोगों ने जाम लगाकर नारेबाजी की। दौरान आसपास लगे पोस्टरों में भी आग लगाई गई। इसके दूसरे ही दिन पकडिय़ा के लोगों ने बाजार गेट बिजली घर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। यही नहीं दो दिन बाद ही जाटो चौराहा पर मामला उग्र होते होते बचा। गुस्साए लोगों ने सड़क पर ट्राला खड़ा कर जाम लगाया। पुलिस से नोकझोंक होती रही। इसके बाद नकटादाना उपकेंद्र का कई बार घेराव किया गया। व्यापारी आए दिन आंदोलन की चेतावनी दे रहे है। इसके बाद अब चौबीस घंटे के भीतर तीन बार उग्र प्रदर्शन। ऐसे में इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि बिजली लॉ एंड ऑर्डर के लिए आफत न बन जाए। सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट ने बताया कि बिजली विभाग के अफसरों से बातचीत की जाएगी। समस्या के समाधान के लिए कोई न कोई रास्ता निकाला जाएगा।