मांगें पूरी न होने के विरोध में जिले के जूनियर इंजीनियर्स ने बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। अभियंताओं ने नेहरू पार्क में धरना नारेबाजी की और मांगे पूरी होने तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से नेहरू पार्क में धरना देने का एलान किया।
उप्र डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के तत्वावधान में जिले के जेई बुधवार को नेहरू पार्क में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अध्यक्ष पवन कुमार ने कहा कि इंजीनियर्स का ग्रेड पे 4800 करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर 18 फरवरी से कार्य बहिष्कार चल रहा था। उम्मीद की जा रही थी कि सरकार पहली मार्च तक हमारी मांगे मान लेगी। लेकिन सरकार ने जूनियर इंजीनियर्स की इस जायज मांग को जिसका वह पूर्व में आश्वासन भी दे चुकी है स्वीकार नहीं किया है। यह अभियंताओं के साथ धोखा है। उन्होंने जिले भर में हड़ताल की घोषणा करते हुए कहा कि जिले के सभी विभागों के जेई प्रतिदिन सुबह 10 बजे से नेहरू पार्क में एकत्र होकर धरना प्रदर्शन करेंगे। जेई वीएस यादव ने कहा कि मार्च वित्तीय वर्ष के समापन का महीना है। ऐसे में विकास कार्य पूरे करने का दबाव रहता है। ऐसे में अभियंताओं की हड़ताल से काम प्रभावित होता। उन्होंने कहा कि हड़ताल में अभी विद्युत विभाग के अभियंता शामिल नहीं हुए हैं। यदि सात दिन में मांगें पूरी नहीं होतीं तो विद्युत विभाग के जेई में इसमें शामिल होंगे। धरने में रावेंद्र कुमार, सीपी सिंह, अशरफ हुसैन, मुकेश कुमार सिंह, सुधीर कुमार, लालाराम, एचएस सिंह, आरएन सिंह, सुभाष चंद्र, मनोज कुमार, दुर्गेश यादव, अनुज सिंह, वीएस वर्मा, हरीश कुमार मौर्य, लाख्न सिंह, सुमित सक्सेना, केपी सिंह, विशाल सक्सेना थे।