चिन्हित ब्लैक स्पॉट़स का निरीक्षण करते डीएम संजय कुमार सिंह । स्रोत - सूचना विभाग
पीलीभीत। जिलाधिकारी के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा के स्टेट होल्डर विभागों के अधिकारियों की टीम ने दुर्घटना बहुल ब्लैक स्पाट का स्थलीय निरीक्षण किया। हादसों को रोकने के लिए वहां पर सुरक्षा के इंतजाम के निर्देश दिए। गजरौला में हाईवे के फुटपाथ पर रेत-बजरी मिली तो उसे हटाने के निर्देश दिए।
पूरनपुर मार्ग पर ब्लैक स्पॉट्स के रूप में चिह्नित बिठौरा एवं गजरौला पहुंचे जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बिठौरा में मुख्य मार्ग से मिल रहे लिंक रोड पर स्पीड ब्रेकर बनवाने, बाजार क्षेत्र में रंबल स्ट्रिप लगवाने, निर्धारित गति सीमा से चलने, दुर्घटना बहुल क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
डीएम को कुछ स्थान पर बड़ी मात्रा में रेता बजरी डालकर किया गया अतिक्रमण मिला। इस पर उन्होंने अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। कहा कि मुख्य मार्ग एवं फुटपाथ की असमान ऊंचाई को बराबर करने के लिए भराव किया जाए। गजरौला में मार्ग के दोनों तरफ अतिक्रमण को हटाने के लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिए।
मुख्य मार्ग पर ट्रक भी खड़े पाए गए, जिनके मालिकों को वाहन मुख्य मार्ग से हटाने के निर्देश दिए। आबादी वाले स्थान पर स्पीड ब्रेकर, जेब्रा लाइन बनवाने, गतिसीमा का चेतावनी बोर्ड लगाने तथा कस्बे में बंद पड़ी रोड लाइट संचालित किए जाने के एनएच पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए।