पूरनपुर के गांव चंदिया हजारा के समीप खेत में हाथियों ने उजाड़ी गन्ना की फसल। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर। नेपाल से आए हाथियों के झुंड ने शारदा नदी पार कर हरीपुर जंगल से सटे गांव चंदिया हजारा के दो किसानों की गन्ने की फसल रौंद दी। खेतों में पहुंचे किसानों को हाथियों के पैरों के चिह्न मिलने पर हाथियों के झुंड के आने की जानकारी हुई। झुंड एक बार फिर शारदा नदी पार कर नेपाल की ओर चला गया।
सोमवार रात को नेपाल की शुक्ला फांटा सेंच्युरी से आए हाथियों के झुंड ने किसान भागीरथ का करीब आधा एकड़ और बुद्धनाथ के एक एकड़ खेत में खड़े गन्ने की फसल को खाया और रौद डाला। मंगलवार को जब किसान खेत पर पहुंचे तब उन्हें इसकी जानकारी हुई। झुंड के दोबारा आने की आशंका को लेकर किसान सतर्क हो गए।
हालांकि झुंड मंगलवार रात को क्षेत्र में नहीं पहुंचा। हरीपुर रेंजर वीरेंद्र रावत ने बताया कि झुंड में पांच हाथी थे। ये झुंड नेपाल की शुक्ला फांटा सेंच्युरी से आया था। नदी पार कर फिर हाथी नेपाल की ओर रवाना हो गए। हाथियों के दोबारा आने की आशंका पर कर्मचारियों को सतर्क रहने को कहा गया है। चंदिया हजारा के प्रधान बासुदेव कुंडू ने बताया कि पिछले तीन-चार साल से हाथियों का झुंड क्षेत्र में आकर तबाही मचाता है।