पीलीभीत। पीलीभीत जंक्शन से माला रेलवे स्टेशन तक विद्युतीकरण का काम पूरा हो गया है। करीब 11 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर पिछले सप्ताह से विद्युतीकरण का काम किया जा रहा था। अब दूसरे चरण में संडई से माला रेलवे स्टेशन के बीच विद्युतीकरण का काम किया जाएगा। यहां पर भी बिजली के पोल लगा दिए गए हैं।
मैलानी से शाहगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का संचालन शुरू होने के बाद अब पूरा ध्यान पीलीभीत से शाहगढ़ तक रेल ट्रैक को तैयार करने में लगा हुआ है। इसी को लेकर पिछले सप्ताह पीलीभीत से माला रेलवे स्टेशन तक विद्युतीकरण का शुरू किया गया था। 11 किलोमीटर लंबे पीलीभीत से माला स्टेशन तक विद्युतीकरण का काम पूरा कर लिया गया है ।
इसके बाद जंगल क्षेत्र में माला स्टेशन से संडई तक विद्युतीकरण का काम होना है । इधर माला नदी के पुल पर भी काम तेजी के साथ शुरू किया जा रहा है। ताकि इस माह से पीलीभीत तक रेल खंड पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सके। हालांकि अभी फरवरी माह में ही ट्रेनों का संचालन शुरू होने की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
अधिकारियों का पूरा ध्यान पीलीभीत से शाहगढ़ तक रेल ट्रैक को तैयार करना है। आरपीएनएल के क्षेत्रीय प्रबंधक कृष्ण मोहन विश्वकर्मा ने बताया माला रेलवे स्टेशन तक विद्युतीकरण का काम पूरा कर दिया गया है। अब माला स्टेशन से संडई तक का काम शेष है। इसे भी जल्द शुरू कराया जाएगा।