पीलीभीत। रामलीला फीडर पर जगह-जगह तार व जंपर टूटने से 15 मोहल्लों की बिजली करीब दो घंटे तक गुल रही। इसके अलावा भी शहर के कई इलाकों में बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार को देर रात शहर में कई स्थानों पर बिजली कटौती से लोग परेशान रहे तो रविवार को सुबह रामलीला फीडर पर कई जगह तार व जंपर टूट जाने से 15 मोहल्लों के चार हजार लोगों की बिजली करीब दो घंटे से ज्यादा गुल रही।
सूचना पर विद्युत निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था को सही किया। इससे शहर के मोहल्ला नई बस्ती, बल्लभनगर, सुनगढ़ी, काला मंदिर, अग्रवाल सभा, खैरूल्ला शाह, आवास विकास, लाल रोड, स्टेशन रोड आदि जगहों पर बिजली न मिल पाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा शहर के पुलिस लाइन, डीएम आवास के आसपास, एकता नगर, अशोक कॉलोनी, नखासा, निरंजनकुंज, सुरभि कॉलोनी, राजीव कॉलोनी सहित अन्य इलाकों में बिजली कटौती की समस्या बरकरार रही। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि रामलीला फीडर पर तार व जंपर टूटने से बिजली प्रभावित हुई थी। सूचना पर टीम को तत्काल मौके पर भेजकर उसे सही करा दिया गया।