पीलीभीत। तीन दिन से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण गंदगी से परेशान शहरवासियों ने दो इलाकों में सड़कों पर एकत्र होकर पालिका प्रशासन के खिलाफ विरोध व्यक्त किया। जानकारी पर सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत किया। शहर में रविवार को स्थिति इतनी खराब हो गई कि लोग नाक पर रुमाल रखकर या फिर मास्क लगाकर निकले।
गणेश जी की मूर्ति विसर्जन के चलते शहर के ब्रह्मचारी घाट पर हुए विवाद के बाद चार सफाई कर्मचारियों के निलंबन के विरोध में सफाई कर्मचारी शुक्रवार से हड़ताल पर हैं। इससे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से लड़खड़ा गई है। शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए हैं।
इसी के चलते रविवार को शहर के स्टेशन मार्ग के व्यापारी सड़क पर उतर आए और विरोध जताया। उनका कहना था कि पिछले तीन माह से नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है, लेकिन कोई देखने वाला नहीं है, अब हड़ताल के कारण स्थिति और खराब हो गई है। उन्होंने जाम लगाकर विरोध जताया। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, सुनगढ़ी व कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत किया।
इसके अलावा मोहल्ला नखासा में भी लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। चर्चा रही कि लोगों ने पालिकाध्यक्ष का प्रतीकात्मक पुतला भी फूंका। सूचना के बाद कोतवाली व सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को बमुश्किल शांत किया।
-
मृत गोवंश पर कूड़ा डालकर जलाने का आरोप
मोहल्ला नखासा में विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि किसी ने मृत गोवंश पर कूड़ा डालकर रात को किसी समय आग लगा दी। इससे आस-पास के लोगों को दुर्गंध से दिक्कत हुई। इसके विरोध में लोगों ने रविवार को करीब एक घंटे तक शराब भट्ठी के निकट सड़क पर इकट्ठा होकर विरोध जताया।
जलभराव के बीच बोर्ड लेकर खड़े हुए व्यापारी, लिखा-सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन करें जनप्रतिनिधि
पीलीभीत। स्टेशन मार्ग पर तीन माह से जलभराव की समस्या है, जिसको लेकर व्यापारी कई बार विरोध जता चुके हैं पर उनकी सुनवाई नहीं हो रही है, अब सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण स्थिति और खराब हो गई है। रविवार को व्यापारी कार्डबोर्ड लेकर सड़क पर जलभराव के बीच खड़े हो गए। बोर्ड पर समस्याग्रस्त इलाके को सेल्फी प्वाइंट बताते हुए जनप्रतिनिधियों को उद्घाटन का आमंत्रण देकर प्रतीकात्मक विरोध जताया गया। संवाद
-
व्यापारियों का दर्द
पिछले तीन माह से पानी भरा हुआ है, अब सफाई कर्मियों की हड़ताल से स्थिति और खराब हो गई है। ग्राहक आने से कतरा रहे है। दुर्गंध की वजह से दुकान पर बैठ पाना मुश्किल हो गया है।
- अनिल पांडेय, व्यापारी स्टेशन मार्ग
-
पानी का निकास न होने से दुकान तक पहुंचने में दिक्कत होती है। गंदे पानी से पैरों में संक्रमण हो गया है। बावजूद इसके जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
- अमित कुमार
-
जलभराव की समस्या से व्यापार प्रभावित हो रहा है। हड़ताल से समस्या बढ़ गई है। कोई ग्राहक दुकान पर नहीं आता है। शिकायत पर आश्वासन तो मिलता है मगर समस्या का निस्तारण नहीं होता। - अवधेश सक्सेना
-
दुकान पर पिताजी भी बैठते है। जलभराव की समस्या से उन्हें सांस की समस्या हो गई है। उपचार चल रहा है। बावजूद इसके जिम्मेदार समस्या का समाधान नहीं कर रहे है।
- रोशन
निलंबन की कार्रवाई वापस, हड़ताल समाप्त
पीलीभीत। रविवार को कलक्ट्रेट में एडीएम एफआर ऋतु पूनिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, चेयरमैन आस्था अग्रवाल की सफाई कर्मचारी संघ के नेताओं से बातचीत हुई। काफी देर तक चली बातचीत के बाद सफाई कर्मियों की मांग मान ली गई। जिसके बाद सफाई कर्मियों ने समाप्त करने का निर्णय किया।
एडीएम एफआर ऋतु पूनिया ने बताया कि चार कर्मचारियों के खिलाफ हुई निलंबन की कार्रवाई को वापस लेने के निर्देश दिए गए है। इधर बातचीत के बाद चेयरमैन डॉ.आस्था अग्रवाल ने पालिका परिसर पहुंचकर धरने पर बैठे सफाई कर्मियों को जूस पिलाकर हड़ताल समाप्त कराई।
चेयरमैन ने बताया कि हड़ताल समाप्त हो गई है। सफाई कर्मी पूरी मेहनत से काम पर जुट गए हैं। उन्होंने काम में गंभीरता बरतने का भरोसा दिलाया है। संवाद
युवक को हिरासत में लेने के विरोध में थाने पहुंचे लोग
पीलीभीत। शहर के नखासा मोहल्ले में रविवार दिन में कूड़े और मृतक गोवंश को जलाने के मामले में लोगों ने विरोध किया था। इस दौरान पालिकाध्यक्ष का प्रतीकात्मक पुतला फुंकने की भी चर्चा रही। इसकी जानकारी होने पर देर शाम पालिकाध्यक्ष की शिकायत पर सुनगढ़ी पुलिस ने क्षेत्र की एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। इसकी जानकारी लगने के बाद तमाम लोग थाने के गेट पर जमा हो गए। इसके बाद इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडे ने आश्वासन के बाद लोग माने और लौट गए। संवाद
अवधेश ।
अवधेश ।
अवधेश ।
अवधेश ।
अवधेश ।
अवधेश ।