पीलीभीत। बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए 15 सितंबर से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा, जो 14 अक्तूबर तक चलेगा। इसके तहत बिजली निगम की टीमें गली-मोहल्लों में पहुंचकर मौके पर विद्युत लाइनों और उपकरणों का निरीक्षण करेंगी। समस्याओं को चिह्नित कर उनका समाधान कराया जाएगा।
अभियान के दौरान बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता से देखा जाएगा। इसके अलावा फीडर में बार-बार ट्रिपिंग, ट्रांसफाॅर्मर फुंकने, एलटी लाइन में समस्या, जर्जर तार और ढीले कनेक्शन की जांच की जाएगी। वितरण तंत्र के अन्य खराब अथवा क्षतिग्रस्त उपकरणों को भी दुरुस्त कराने की तैयारी है। विभागीय टीमें क्षेत्रों में जाकर बिजली उपभोक्ताओं से भी समस्याओं की जानकारी लेंगी। अधिकारियों के स्तर से अभियान की निगरानी की जाएगी, ताकि मौके पर सामने आने वाली कमियों का समय से निस्तारण हो सके।
टीमें निगरानी के दौरान बार-बार बिजली बाधित होने वाले क्षेत्र, फीडर की बार-बार ट्रिपिंग, फुंके ट्रांसफाॅर्मर, एलटी लाइन की खराबी, जर्जर तार और ढीले कनेक्शन, खराब व क्षतिग्रस्त विद्युत उपकरण आदि बिंदुओं की बारीकि से जांच करेंगे। एक्सईएन आशीष यादव ने बताया कि उपभोक्ताओं को निर्वाध बिजली आपूर्ति दिए जाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एक माह तक यह अभियान चलेगा।