गिरे हुए बिजली के खंभे को सही करने पहुंचे कर्मी । स्त्रोत - बिजली विभाग
पीलीभीत। रविवार देर रात आंधी-बारिश के दौरान खंभा गिर जाने से जिला कारागार व पोस्टमार्टम हाउस की बिजली गुल हो गई। सूचना मिलने के बाद भी कर्मचारी दोपहर बाद तक उसे सही करने नहीं पहुंच सके। खंभा सड़क पर पड़े होने के कारण आवागमन भी प्रभावित रहा।
बिजली विभाग की लापरवाही से देर रात आंधी-बारिश में गिरे पोल को कर्मचारी सोमवार दोपहर तक सही नहीं कर सके। इससे जेल और पोस्टमार्टम हाउस की बिजली प्रभावित हुई, आवागमन भी पूरी तरह से प्रभावित रहा। सड़क पर खंभा पड़े होने से लोगों को निकलने में काफी परेशानी हुई। दोपहर तीन बजे तक वहां की बिजली को सही नहीं किया जा सका।
इसके अलावा शहर के अन्य मोहल्लों में भी आंधी-बारिश से कई घंटे बिजली पूरी तरह से गुल रही। जिसे विभाग ने कई घंटे बाद जाकर सही कर पाया। सोमवार को शहर के मोहल्ला अशोक कॉलोनी, एकता नगर, बल्लभ नगर, पंजाबियान, छोटा खुदागंज, खकरा, मद्दे की पुलिया, दूधिया मंदिर रोड, पकड़िया नौगवां, राजीव कॉलोनी समेत आधे शहर में घंटों बिजली की कटौती का खेल चलता रहा। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि पोल गिरने से जेल व पोस्टमार्टम हाउस की बिजली प्रभावित हुई थी। कर्मचारियों को भेजकर उसे सही करा दिया गया।