पीलीभीत। तकनीकी खराबी के चलते शहर के नकटादाना फीडर से जुड़े 18 हजार उपभोक्ताओं की आपूर्ति दो घंटे से ज्यादा गुल रही। इसके अलावा भी शहर के अलग-अलग इलाकाें में बिजली कटौती का खेल जारी रहा।
मौसम में बदलाव होते ही शहर में बिजली की खपत भी धीमे-धीमे बढ़ने लगी है। वहीं फाॅल्ट की संख्या में इजाफा होने लगा है। शनिवार की देर शाम पांच बजे असम चौराहा स्थित 132 केवीए पर नकटादाना फीडर पर लगी सीटी फट गई। इससे नकटादाना फीडर से जुड़े 18 हजार उपभोक्ताओं की आपूर्ति बाधित हो गई।
सूचना पर पहुंचे कर्मचारियों ने मरम्मत कार्य शुरू किया। इसके बाद करीब दो घंटे बाद यहां की आपूर्ति को सुचारू किया जा सका। खराबी के चलते शहर के छतरी चौराहे से लेकर कलक्ट्रेट व उसके आसपास, अशोक कॉलोनी, एकता नगर, गांधी स्टेडियम रोड, खकरा, भूरे खां, अशरफ खां सहित करीब 30 मोहल्लों को बिजली नहीं मिल सकी। इसके साथ ही शहर के मोहल्ला तुलाराम, कुंवरगढ़, दूधिया मंदिर रोड, जाटों वाला चौराहा सहित अन्य इलाकों में भी बिजली कटौती का खेल जारी रहा। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि 132 केवीए पर फीडर की सीटी फट गई। इससे आपूर्ति प्रभावित रही।