पीलीभीत। मौसम के करवट लेते ही शनिवार रात से हुई झमाझम बारिश ने दुश्वारियां बढ़ा दीं। लगातार हुई बारिश से शहर में जलभराव के साथ छह विद्युत फीडर परिसरों में भी पानी भर गया। कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां गिरने से तार और इंसुलेटर जल गए। ऐसे में इससे रविवार सुबह चार बजे से दिन में 12 बजे तक पूरे शहर की बिजली ठप रही। काफी कोशिश के बाद कुछ इलाकों में दोपहर बाद सप्लाई सुचारू हो सकी।
बारिश के कारण शहर के निरंकुज, टाउन एक, टाउन दो, खकरा, कांशीराम और बेहरन फीडर परिसर में जलभराव हो गया। अफसरों का दावा था कि रविवार शाम तक शहर में सप्लाई पूरी तरह सुचारू हो जाएगी।
000
इनायतगंज समेत कई इलाकों में टूटे तार
शहर में जलभराव के साथ पेड़ों की टहनियां गिरने से पहले से ही जर्जर तार टूटकर गिर गए। शहर के मोहल्ला इनायतगंज, खुदागंज, अवध नगर, स्टेडियम रोड, मद्दे की पुलिया, बेनी चौधरी आदि इलाकों में तार टूटने से सबसे अधिक समस्या आई।
000
देहात क्षेत्र में भी दिखा असर
पीलीभीत। मूसलाधार बारिश से शहर के अलावा देहात क्षेत्र में भी बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। माधोटांडा, न्यूरिया, गजरौला, बिलसंडा आदि क्षेत्रों में रविवार को कई घंटों तक बिजली गुल रही। कई स्थानों पर तार टूटने के साथ ट्रांसफार्मर में फाल्ट हुए। विद्युत कर्मी सुधार में जुटे रहे।
000
बारिश का पानी भरने से बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। कई टीमों को सुधार कार्य में लगाया गया है। रविवार शाम तक पूरी तरह सुधार हो जाएगा।
- जहांगीर आलम, अवर अभियंता