पीलीभीत। 132 केवीए बिजली घर में खराबी आ गई। इससे कई इलाकों में घंटों सप्लाई बाधित रही। गर्मी में बिना बिजली लोग परेशान हुए। पावर कॉरपोरेशन की टीम को पहले तो फॉल्ट तलाशने में ही लंबा समय बीत गया, फिर मरम्मत कार्य के चलते देरी हुई। सप्लाई चालू किए जाने के बाद भी दिन में कई बार बिजली आती-जाती रही।
पावर कॉरेपोरेशन के तमाम दावों के बीच धरातल पर बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। ग्रामीण इलाके तो छोड़िए पिछले 15 दिन से तो शहर में बिजली की अघोषित कटौती ने लोगों को बेहाल कर दिया है। रविवार को दिन भर बिजली की आवाजाही जारी रही। इसके बाद शाम को जैसे-तैसे सप्लाई चालू हो सकी थी। मगर यह राहत ज्यादा देर तक नहीं थी। रात 11 बजे के बाद 132 केवीए रूपपुर में फॉल्ट हो गया। मोहल्ला आसफजान, नई बस्ती, बल्लभनगर कॉलोनी, मोहल्ला डालचंद, बेनी चौधरी समेत कई इलाकों में रात को बिजली चली गई और रात भर लोग परेशान रहे। चूंकि दिन में भी कटौती रही थी, इसलिए इनवर्टर भी कुछ देर चलने के बाद डाउन पड़ गए और उमस भरी गर्मी के बीच लोग सो भी नहीं सके। सुबह तक तो पावर कॉरपोरेशन के कई अधिकारियों को इसकी जानकारी तक नहीं थी। बाद में टीम लगाई गई। घंटों टीम को फॉल्ट ही नहीं मिला। इसमें ही काफी समय बीत गया। फिर जाकर फॉल्ट मिला और उसे दुरुस्त कराया गया। फिर सोमवार पूर्वाह्न दस बजे के बाद सप्लाई शुरू हो सकी। मगर एक घंटे बाद ही बिजली फिर चली गई।
गर्मी में हर साल की तरह इस बार भी बिजली की मार पड़ रही है। रविवार को रात भर बिजली नहीं आई। सुधार के दावे तो कर दिए जाते हैं, मगर हकीकत नहीं बदलती। - कुलदीप मिश्रा, मोहल्ला असफजान
कुछ दिनों से बिजली की दिक्कत ज्यादा बढ़ गई है। दिन हो या रात कई बार कटौती हो रही है। गर्मी में छोटे बच्चे परेशान होते हैं। पता नहीं बिजली व्यवस्था कब सुधरेगी। - नीरा शर्मा, मोहल्ला बाग गुलशेर खां
बिजली व्यवस्था की हालत शहर में बेहद खराब है। इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा। बिजली जाने के बाद कर्मचारी सही जानकारी देने से भी बचते हैं। लोगों की दिक्कत को समझना चाहिए। - सोमनाथ, मोहल्ला डालचंद
लोड बढ़ने के कारण 132 केवीए रूपपुर स्टेशन के पास फॉल्ट हो गया था। इसी खराबी पर कुछ इलाकों में सप्लाई बाधित रही थी। टीम लगाकर लाइन में आई खराबी को दुरुस्त करा दिया गया था। - असीम कुमार, एक्सईएन