पीलीभीत। गर्मी के बीच शहरवासियों को अघोषित कटौती की मार से जूझना पड़ रहा है। दिन भर की कटौती के बाद बुधवार रात को भी घंटों बिजली गुल रही। इसके बाद बृहस्पतिवार तड़के दोबारा सप्लाई ठप हो गई। दिन-रात हो रही कटौती से लोग तिलमिला उठे। पूछे जाने पर अधिकारियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। फाल्ट ठीक करने के बाद भी ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की दिक्कत बनी रही।
पावर कॉरपोरेशन की ओर से बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने का दावा किया जाता है, मगर धरातल पर सालों बाद भी हालात बदले नहीं जा सके हैं। गर्मी शुरू होते ही बीते सालों की भांति अघोषित कटौती होने लगी है। अधिकारियों ने लोड बढ़ने की बात कहकर साख बचाई। पिछले तीन दिनों से कई-कई घंटे कटौती हो रही है। बुधवार को बिजली की आंखमिचौली के बाद शाम छह बजे सप्लाई सुचारु हो सकी थी। महज दो घंटे बाद ही दोबारा बिजली चली गई। 33 केवी विद्युत लाइन का केबिल बॉक्स फुंक गया। इससे मोहल्ला आसफजान, लाल रोड, मोहतसिम खां, काला मंदिर, बाग गुलशेर खां, मेन बाजार, इनायतगंज, निरंजनकुंज, एकता नगर समेत अधिकांश इलाकों की बिजली गुल हो गई। दिन में सप्लाई पहले ही नहीं हो सकी थी तो कुछ देर चलने के बाद इनवर्टर भी डाउन पड़ गए। काफी देर बाद भी जब बिजली नहीं आई तो लोगों ने पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियो-कर्मचारियों से संपर्क कर जानकारी की। आधी रात के बाद एक बजे सुधार होने पर सप्लाई शुरू कर दी गई। इससे लोगों को कुछ राहत महसूस हुई थी कि सुबह लोगों की आंख खुलने से पहले ही दोबारा बिजली गुल हो गई। मालगोदाम रोड पर ओवरलोड के चलते पहले कुछ मामूली गड़बड़ी हुई और फिर तार टूट गया। इसे ठीक करने के लिए टीम भेजी गई। इस दौरान शहर की सप्लाई सुबह 10 बजे तक बंद रखी गई। इसके बाद बिजली आई, मगर बार-बार जाती रही। इधर, बिजली कटौती ने लोगों के सामने पानी की समस्या भी खड़ी कर दी। दिन-रात हो रही कटौती के चलते बच्चे भी खासा परेशान रहे।
बुधवार रात को 33 केवी लाइन का केबिल बॉक्स में खराबी आने से सप्लाई बाधित हुई थी। सुधार कराकर रात में ही इसे शुरू करा दिया गया था। बृहस्पतिवार को दिन में माल गोदाम के पास तार टूटने से दिक्कत आई। इसका भी सुधार कराकर सप्लाई सुचारु कर दी गई है। - अतुल कुमार, एसडीओ टाउन