पूरनपुर। सकरिया बिजली घर में इनकमिंग मशीन में फॉल्ट के बाद आग लगने से दर्जनों गांवों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। इन गांवों में 24 घंटे से बिजली पूरी तरह ठप है। ग्रामीणों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है। परीक्षार्थियों को बोर्ड परीक्षा के समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुधार के लिए बरेली से मैकेनिक बुलाए गए हैं।
पावर कॉरपोरेशन के सकरिया सब स्टेशन में बृहस्पतिवार की रात फाल्ट के बाद लाइन में तकनीकी खराबी आ गई थी। उसके बाद इनकमिंग मशीन में आग लग गई। इससे क्षेत्र से जुड़े दर्जनों गांवों की बिजली गुल हो गई। शुक्रवार को दिन भर इसको सुधारने का प्रयास किया जाता रहा, मगर सफलता नहीं मिली। शाम को उपभोक्ताओं ने बिजली गुल होने के बारे में जानकारी करना शुरू किया, लेकिन पॉवर कॉरपोरेशन के इंजीनियरों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कई कर्मचारियों ने तो उपभोक्ताओं के फोन रिसीव करना बंद कर दिए। भाकियू के जिला उपाध्यक्ष मंजीत सिंह ने बताया कि कर्मचारियों ने कॉल रिसीव नहीं की और अपने फोन स्विच ऑफ कर लिए। आला अधिकारियों से बातचीत के बाद भी अब तक ये नहीं बताया गया कि बिजली सप्लाई कब तक शुरू कर दी जाएगी। 24 घंटे हो चुके हैं, मगर बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी। इन्वर्टर भी डाउन पड़ गए हैं। परीक्षा के समय में पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों का लापरवाह रवैया बर्दाश्त से बाहर है। माधोटांडा एसडीओ आकाश गंगवार ने बताया कि सकरिया सब स्टेशन पर इनकमिंग मशीन फुंकने से बिजली सप्लाई ठप है। बरेली से मैकेनिक बुलाए गए हैं। तकनीकी खराबी शीघ्र दूर कर बिजली सप्लाई सुचारू कराई जाएगी।