बरखेड़ा। चार दिनों से लगातार हो रही बारिश से विद्युत उपकेंद्र में नाले का पानी भर गया। विद्युत फीडरों के जमीन में बने केबल बॉक्स (ट्रेंच) में पानी भर जाने से करीब 72 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रविवार शाम से इन गांवों में बिजली नहीं आ सकी है।
कस्बे में स्थित विद्युत उपकेंद्र से कस्बे के साथ ही अन्य गांवों को आपूर्ति दी जा रही है। जबकि पुराने उपकेंद्र से बुहिता व सुहास से जुड़े करीब 72 गांवों को आपूर्ति की जा रही है। कस्बे में विद्युत उपकेंद्र को जाने वाले मार्ग पर नगर पंचायत का नाला है। लगातार चार दिन से हो रही बारिश से नाले में अधिक पानी आने से पानी विद्युत उपकेंद्र में भर गया।
जमीन में बने केबल बॉक्स (टेंच) मे पानी भर जाने से रविवार की शाम करीब 9:30 बजे इन दोनों विद्युत फीडर की विद्युत सप्लाई बंद कर दी गई। जिससे करीब 72 गांवों के आपूर्ति ठप हो गई। कर्मचारियों ने सोमवार को जमीन के अंदर बने केबल बॉक्स के अंदर भरे पानी को जैसे तैसे निकालने का प्रयास किया। लेकिन कुछ ही देर बाद दोबारा पानी भर गया।
अवर अभियंता सुखपाल सिंह का कहना है कि नाले के ओवरफ्लो होने से पानी उपकेंद्र में आ रहा है। जिस कारण समस्या बनी हुई है।
0000
0000
हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने से चार उपकेंद्रों से बिजली सप्लाई ठप
पूरनपुर। जंगल में हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने से रविवार रात को सकरिया, कलीनगर, माधोटांडा, रमनगरा विद्युत सब स्टेशन से बिजली सप्लाई ठप हो गई जो सोमवार को सुचारु नहीं हो सकी। इससे करीब 200 गांव की बिजली सप्लाई दूसरे दिन भी ठप रही।
इधर नगर के विद्युत सब स्टेशन में जलभराव होने से मशीनों तक पानी पहुंच गया। इससे नगर की बिजली सप्लाई सोमवार दोपहर को बंद कर दी गई। पंपिंग सेट लगाकर पानी को निकालना शुरू किया गया। शाम सात बजे तक नगर की बिजली सप्लाई सुचारू नहीं हो सकी थी। एसडीओ प्रवीन कनौजिया ने बताया कि करंट उतरने के डर से बिजली सप्लाई को बंद किया गया है। पंपिंग सेट लगाकर पानी निकलवाया जा रहा है। नगर में रात नौ बजे के बाद बिजली सप्लाई सुचारु हो सकेगी। अधिशासी अभियंता प्रशांत गुप्ता ने कहा बारिश की वजह से तमाम कोशिश के बाद भी बिजली सप्लाई सुचारू नहीं हो सकी। मंगलवार को खराबी दूर कर चारों बिजली सप्लाई सुचारू कराई जाएगी। संवाद
0000
0000
शहर में भी बिजली सप्लाई रही ठप
पीलीभीत। शहर में बारिश के चलते बिजली का आना-जाना चलता रहा। सोमवार को खकरा, छोटी मार्केट, आयुर्वेदिक कॉलेज इलाके में फाल्ट के कारण सप्लाई प्रभावित रही। देर शाम बाले मियां की मजार के पास 11 हजार की हाईटेंशन लाइन आपस में टकराकर टूटकर गिर गई। इससे कई घरों के उपकरण फुंक गए। बिजली सप्लाई भी ठप हो गई। अवर अभियंता जहांगीर आलम ने बताया कि समस्या को दूर कराया जा रहा है। संवाद