संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। 33 केवीए का तार टूट जाने से शहर के 18 हजार उपभोक्ता दिनभर प्रभावित रहे।
शनिवार की सुबह तेज हवा के कारण अलग-अलग स्थानों पर फाॅल्ट हुए। नकटादाना फीडर के 33 केवीए का तार टूट जाने से आफीसर्स कॉलोनी, टनकपुर रोड, पुलिस लाइन, साईं धाम कॉलोनी, निरंजनकुंज, अवध नगर, सुरभि कॉलोनी, सिविल लाइंस, नई बस्ती, बल्लभनगर, खकरा, फीलखाना समेत करीब 40 मोहल्लों की बिजली सुबह छह बजे से गुल हो गई।
बाद में दिन में साढ़े 12 बजे आपूर्ति सुचारू हो सकी। इसके अलावा नकटादाना चौराहे पर लगे बिजली के खंभे के तारों में दोपहर करीब 12 बजे आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। वहीं मोहल्ला बल्लभ नगर कॉलोनी के पास लगे ट्रांसफाॅर्मर के फ्यूज उड़ जाने से वहां पर मोबाइल ट्रांसफार्मर लगवाकर बिजली व्यवस्था को सुचारू किया गया।
एसडीओ आशीष कौशल ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर हुए फाॅल्ट को सही कराने के लिए तत्काल कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। जिसके बाद उन्हें सही करा लिया गया।
पूरनपुर। शनिवार सुबह फीडर नंबर चार में खराबी से करीब पौन घंटे, फीडर नंबर दो में एसडीएम आवास के समीप फाॅल्ट से करीब आधा घंटा बिजली आपूर्ति ठप रही। इसी प्रकार दोपहर करीब सवा 11 बजे फीडर नंबर चार में फाॅल्ट होने से दो घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।