पीलीभीत। व्यापारियों और उद्यमियों को बिजली बिल का बकाया निपटाने पर एक माह के फिक्स चार्ज में पावर कॉरपोरेशन छूट देगा। इसके लिए उन्हें 30 जून तक बकाया बिल जमा करना होगा। इस मुहिम को सफल बनाने के लिए अधिकारियों ने प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है। साथ ही बकायेदारों से भी संपर्क साधकर बिल जमा करने को कहा जा रहा है।
लॉकडाउन में व्यापार और उद्योगों को काफी नुकसान हो चुका है। ऐसे में बिजली बिल को लेकर भी व्यापारियों की ओर से राहत की गुहार लगाई गई थी। इसे देखते हुए नया आदेश बीते दिनों जारी किया गया। इसके तहत सभी व्यापारियों और उद्यमियों को 30 जून तक बिजली बिल जमा कर समस्त बकायेदारी खत्म करनी है। जो उपभोक्ता ऐसा करते हैं, उन्हें जुलाई में फिक्स चार्ज जमा नहीं करना होगा, उसे माफ किया जाएगा। एक्सईएन असीम कुमार ने बताया कि पॉवर कारपोरेशन में 10,010 कॉमर्शियल कनेक्शन धारकों पर 9.85 करोड़ और 49 इंडस्ट्रियल उपभोक्ताओं पर करीब 2.25 करोड़ की बकायेदारी है। इन सभी को इस योजना की जानकारी दी गई है। यह बकायेदारी चुकता करने का उनके लिए सुनहरा मौका है। मुहिम का प्रचार-प्रचार भी कराया जा रहा है।