फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP News: पीलीभीत में सिगरेट उधार न देने पर बुजुर्ग दुकानदार की हत्या, पत्नी-बहू और दो बच्चियां घायल

Wed, 19 Aug 2026 10:25 AM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

सार

Pilibhit News: बरखेड़ा थाना क्षेत्र में सिगरेट उधार न देने पर बुजुर्ग दुकानदार की हत्या कर दी गई। हमलावरों ने मंगलवार रात घर में घुसकर हमला किया। दुकानदार की पत्नी और बहू को भी घायल कर दिया। मासूम बच्चियों को उठाकर फेंक दिया। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। 
विज्ञापन
बरखेड़ा क्षेत्र में बुजुर्ग दुकानदार की हत्या - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव नरायनपुर में मंगलवार देर रात सिगरेट उधार देने से मना करने पर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के ही तीन दबंग घर में घुस आए और किराना दुकानदार 66 वर्षीय श्रीपाल गुप्ता पर लोहे की रॉड और बेलचे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पहले बरखेड़ा सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। 

विज्ञापन




हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी और पुत्रवधू भी हमले में घायल हुई हैं। आरोप है कि हमलावरों ने घर में मौजूद दो मासूम बच्चियों को भी उठाकर फेंक दिया। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें- बदायूं में भीषण हादसा: गंगा एक्सप्रेसवे पर कुत्ता सामने आने से पलटी कार, दो महिलाओं समेत तीन की मौत, छह घायल
विज्ञापन


दूसरी बार सिगरेट मांगने पर बिगड़ी बात
मृतक के पुत्र अवनीश गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता श्रीपाल गुप्ता गांव के बीचोंबीच किराने की दुकान चलाते थे। मंगलवार रात करीब 7:40 बजे गांव का ही सुशील कुमार उर्फ भोला दुकान पर आया और सिगरेट उधार ले गया। कुछ देर बाद वह दोबारा सिगरेट लेने पहुंचा। आरोप है कि श्रीपाल ने उधार देने से मना किया तो सुशील गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने की आशंका पर श्रीपाल दुकान के अंदर बने दरवाजे से अपने घर चले गए।

आरोप है कि कुछ ही देर बाद सुशील उर्फ भोला, उसका भाई सुनील और पिता महेंद्र पाल घर में घुस आए। इनमें से एक के हाथ में लोहे की धारदार रॉड और बेलचा था। आरोपियों ने श्रीपाल पर हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर लगातार प्रहार किए जाने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। उनकी हालत देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

श्रीपाल को बचाने के लिए उनकी पत्नी मुन्नी देवी और पुत्रवधू छाया आगे आईं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। घर में मौजूद दो मासूम बच्चियां भी हमलावरों के गुस्से का शिकार हो गईं। आरोप है कि दो वर्षीय शिया और आठ माह की ब्रिदा को भी उठाकर फेंक दिया गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

बरेली ले जाते समय तोड़ा दम
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद श्रीपाल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत लगातार बिगड़ने पर परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।

दो महीने पहले भी हुआ था विवाद
परिजनों के मुताबिक श्रीपाल का आरोपियों से करीब दो महीने पहले भी विवाद हुआ था। उस समय गांव के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था। परिवार का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते मंगलवार रात दोबारा विवाद हुआ और आरोपियों ने घर में घुसकर श्रीपाल पर जानलेवा हमला कर दिया। मृतक के परिवार में छह पुत्रियां और एक पुत्र हैं। सभी की शादी हो चुकी है।
विज्ञापन

पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, आरोपियों की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही बरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मृतक के पुत्र अवनीश गुप्ता की तहरीर के आधार पर सुशील और सुनील के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें