संवाद न्यूज एजेंसी
बरखेड़ा। पीलीभीत-बीसलपुर हाईवे पर स्थित पतरसिया मोड़ सोमवार दोपहर को एक तेज रफ्तार टाटा मैजिक वाहन की टक्कर से बाइक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
गांव जगीपुर जैतपुर निवासी 60 वर्षीय सूरजपाल अपने सबसे छोटे बेटे मनोज कुमार के साथ बड़े बेटे प्रमोद की ससुराल शाहजहांपुर जिले के बंडा थाना क्षेत्र के गांव नभीची में कनागत की दावत खाकर बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही उनकी बाइक पतरसिया गांव के मोड़ के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही सवारियों से भरी एक डग्गामार टाटा मैजिक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इससे पहले कि बुजुर्ग सूरजपाल संभल पाते, पीछे से आ रही डग्गामार टाटा मैजिक उन्हें कुचलते हुए निकल गई। बाइक चला रहा मनोज कुमार छिटककर खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मैजिक चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क राहगीरों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक सूरजपाल के चार पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस परिवार में करीब दो वर्ष पूर्व मृतक के एक अन्य पुत्र डालचंद्र की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। सीओ बीसलपुर राहुल पांडेय ने बताया कि दुर्घटना करने वाले आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज होगी।