गेंहू के खेत में लगी आग को बुझाते एसएसबी के जवान । संवाद
पूरनपुर। हाईटेंशन लाइन में हुई स्पार्किंग से तीन किसानों की करीब साढ़े आठ एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। खेतों में आग लगनेे की जानकारी पर चुनाव ड्यूटी में आए एसएसबी की 43वीं वाहिनी गोरखपुर के जवान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसानों की मदद से आग पर काबू पाया।
घटना मंगलवार दिन में चार बजे नगर के औद्योगिक बिजली सब स्टेशन के समीप हुई। औद्योगिक सब स्टेशन से निकली हाईटेंशन लाइन के तारों की चिंगारी से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। पता चला तो चुनाव ड्यूटी के लिए लक्ष्य डिग्री कॉलेज में रुके एसएसबी के जवान आग बुझाने पहुंच गए। जवानों ने अन्य लोगों की मदद से पेड़ों की टहनियां तोड़कर आग बुझानी शुरू कर दी। तेज हवा के चलते कई बार जवानों को पीछे हटना पड़ा, लेकिन आसपास के खेतोंं को जवानों ने आग की चपेट में आने से बचा लिया।
आग से नगर के मोहल्ला बमनपुरी निवासी रवि गुप्ता, उनकी पत्नी सुनीता गुप्ता की आठ एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जल गई। साथ ही इसी मोहल्ले के हरीराम की पत्नी सन्नो की तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। हलका लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान की जानकारी ली और तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी।