पीलीभीत। बूंदीभूड़ गांव में राजकीय हाईस्कूल को उच्चीकरण को लेकर कवायद शुरू कर दी गई है। शराब दुकानें खोले जाने के विवाद के बाद अफसरों से ग्रामीणों ने स्कूल के उच्चीकृत कराए जाने के लिए मांग की थी। अफसरों के आदेश पर इसको लेकर पत्राचार शुरू कर दिया गया है।
नेपाल बॉर्डर से सटे गांव बूंदीभूड़ में शराब की दुकान खोले जाने के बाद गांव में जमकर बवाल हुआ था। इस दौरान कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए जनप्रतिनिधि से लेकर डीएम, एसपी तक गांव में लोगों को शांत करने के लिए पहुंचे थे। बातचीत के दौरान ग्रामीणों ने अफसरों के समक्ष एक बात भी रखी। उन्होंने गांव में महज हाईस्कूल तक ही स्कूल है। इसमें करीब 50 बच्चे अध्ययनरत हैं। इसके बाद की पढ़ाई के लिए विद्यार्थी करीब सात किमी. दूर गांव गभिया सहराई स्थित विद्यालय को जाते हैं। ऐसे में बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में डीएम स्तर से ग्रामीणों को राहत देने की बात कही गई।
अफसरों के आदेश के बाद अब विभागीय स्तर से भी कवायद को तेज किया गया है। इस स्कूल को इंटर तक कराए जाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। डीआईओएस राजीव कुमार ने बताया कि अफसरों की ओर से निर्देश दिए गए थे। इसको लेकर विभागीय स्तर से पत्राचार शुरू किया गया है। संवाद