पीलीभीत। 69000 सहायक अध्यापक भर्ती में 73 रिक्त पदों को लेकर पिछले माह हुई काउंसिलिंग में चयनित हुए 64 अभ्यर्थियों के शिक्षक बनने का सपना शुक्रवार को पूरा होगा। गांधी प्रेक्षागृह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में इन्हें नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे।
शासन के निर्देश पर जनपद में 73 रिक्त पदों को लेकर 28 और 29 जून को बीएसए कार्यालय परिसर में काउंसिलिंग कराई गई थी। पहले दिन हुई काउंसिलिंग में 61 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, जबकि दूसरे दिन मात्र चार अभ्यर्थियों ने ही हिस्सा लिया था। काउंसिलिंग में एक अभ्यर्थी के दस्तावेजों में विसंगति पाई गई थी। शासन से इन अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र संबंधी आदेश न मिलने के कारण मामला अधर में लटक गया था। इधर, शासन ने काउंसिलिंग करा चुके अभ्यर्थियों को 23 जुलाई को नियुक्ति पत्र वितरित करने के आदेश जारी किए हैं।
बीएसए चंद्रकेश सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार चयनित 64 अभ्यर्थियों को 23 जुलाई को गांधी प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री के ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इस दौरान डीएम पुलकित खरे, सीडीओ प्रशांत श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी आदि मौजूद रहेंगे।