पीलीभीत। डेढ़ माह से स्कूल आवंटन का इंतजार कर रहे 311 चयनित शिक्षकों को सोमवार को भी निराशा हाथ लगी। चयनित दिव्यांग और महिलाएं सात घंटे से अधिक समय तक बीएसए कार्यालय परिसर में वेबसाइट खुलने का इंतजार करते रहे, मगर पांच बजे के बाद भी वेबसाइट नहीं खुल सकी। चयन समिति में शामिल एडीएम न्यायिक समेत अन्य अधिकारी भी काउंसलिंग कक्ष में बैठे इंतजार करते रहे। करीब साढ़े पांच बजे बीएसए ने काउंसलिंग स्थगित होने की सूचना चयनित शिक्षकों को दी। बीएसए ने बताया कि अब काउंसलिंग 27 जनवरी को होगी।
बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से 69000 सहायक अध्यापक भर्ती के दूसरे चरण में 600 शिक्षकों का चयन कर इन सभी को पांच दिसंबर को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। शासन से स्कूल आवंटन का कोई आदेश न आने के कारण यह सभी पिछले करीब डेढ़ माह से रोजाना बीएसए कार्यालय में हाजिरी दे रहे थे। इधर शासन ने चयनित शिक्षकों के स्कूल आवंटन का कार्यक्रम जारी कर दिया। जारी आदेश के मुताबिक 25 जनवरी को दिव्यांग महिला/पुरुष और महिला शिक्षकों की काउंसलिंग कर स्कूल आवंटन किया जाना था, जबकि 27 जनवरी को पुरुष शिक्षकों को उनकी मेरिट के आधार पर विद्यालय का आवंटन होना था।
सोमवार सुबह करीब नौ बजे से ही चयनित शिक्षकों को बीएसए कार्यालय में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। करीब दस बजे तक सभी 300 महिला शिक्षक और 11 दिव्यांग शिक्षक आ चुके थे। व्यवस्था के अनुसार दिव्यांग शिक्षकों को बीएसए कार्यालय परिसर के भीतर कुर्सियों पर बिठा दिया गया। इसके अलावा कार्यालय परिसर के बाहर महिला शिक्षकों के लिए कुर्सियां डाली गई थी। चूंकि काउंसलिंग ऑनलाइन होनी थी। चयन समिति में शामिल एडीएम न्यायिक देवेंद्रप्रताप मिश्र, डायट प्राचार्य एसएम सिद्दीकी, बबितारानी आदि भी पहुुंच गए। दस बजते ही प्रक्रिया की शुरूआत की गई, मगर परिषद की वेबसाइट नहीं खुली। इस पर बीएसए चंद्रकेश सिंह ने शासन स्तर पर दूरभाष कर जानकारी दी तो बताया गया कि वेबसाइट बंद की गई है, कुछ देर बाद खोली जाएगी। इस पर सभी वेबसाइट खुलने का इंतजार करने लगे। काफी देर बाद जब वेबसाइट नहीं खुली तो फिर बीएसए ने संपर्क साधा। इस पर उन्हें थोड़ी देर बाद वेबसाइट खुलने की बात बताई गई। यह सिलसिला शाम तक चलता रहा। इस बीच तमाम अटकलें भी लगने लगी। करीब सात घंटे के बाद बीएसए ने जब जानकारी की तो पता चला कि शिक्षकों को आवंटित किए जाने वाले स्कूलों की संख्या बढ़ाई जा रही है। इसलिए अब काउंसलिंग 27 जनवरी को होगी। इस पर बीएसए ने काउंसलिंग का इंतजार कर रहे चयनित शिक्षकों को काउंसलिंग निरस्त होने और पुन: 27 जनवरी को काउंसलिंग होने की जानकारी दी। इस पर चयनित शिक्षक और उनके परिवार वाले लंबे इंतजार के बाद निराश होकर बैरंग लौट गए। हालांकि सोमवार को मौसम ने भी साथ दिया। रोजाना दिन भर पडने वाली ठंड सोमवार नहीं दिखी। इसको लेकर चयनित शिक्षकों में रोष देखा गया। उनका कहना था कि यदि स्कूल बढ़ाए जाने थे तो इसका फैसला पहले ही करना चाहिए था। इतना लंबा इंतजार कराने के बाद काउंसलिंग निरस्त करना उचित नहीं है।
शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के दूसरे चरण के चयनित शिक्षकों को सोमवार को ऑनलाइन काउंसलिंग में स्कूल आवंटन होना था, मगर परिषद की वेबसाइट ही पूरे दिन नहीं खुल सकी। आवंटित होने वाले स्कूलों की संख्या बढ़ाई गई है। अब 27 जनवरी को काउंसलिंग होगी।
- चंद्रकेश सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी