पीलीभीत। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से चंद मीटर की दूरी पर ही 400 से अधिक छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में पूरे सत्र में एक भी परीक्षा नहीं कराई गई। इधर जब मामले का खुलासा हुुआ तो कॉलेज प्रशासन चौकन्ना हुआ। अब प्रधानाचार्य ने डीआईओएस को पत्र भेजकर जानकारी दी है। वहीं, डीआईओएस ने परीक्षा संपन्न न कराने पर प्रधानाचार्य का स्पष्टीकरण तलब किया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा जनपद में संचालित राजकीय इंटर कॉलेज में पठन पाठन की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। जनपद के प्रतिष्ठित कॉलेजों में शुमार रह चुके ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज ने तो अलग ही कारनामा कर दिखाया। बताते हैं कि इस कॉलेज में पढ़ने वालों छात्रों की पूरे सत्र में कोई परीक्षा ही नहीं कराई गई, जबकि छात्रों से अर्द्धवार्षिक और वार्षिक परीक्षा शुल्क वसूल लिया गया। कक्षा नौ और 11 में 400 से अधिक छात्र पंजीकृत हैं। जबकि जनपद के अन्य राजकीय इंटर कॉलेजों में अर्द्धवार्षिक और वार्षिक दोनों ही परीक्षाएं कराई जा चुकी हैं।
इधर, जब मामले का खुलासा हुआ तो कॉलेज प्रशासन छात्रों की परीक्षा कराने की बात कह रहा है। इसको लेकर प्रभारी प्रधानाचार्य ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भी भेजा है। यह स्थिति तब है, जब माध्यमिक स्कूल-कॉलेजों में नया सत्र शुरू हो चुका है।
इधर छात्रों के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ को लेकर जब कॉलेज प्रशासन से पूछा गया तो उन्होंने उल्टे डीआईओएस कार्यालय पर ही ठीकरा फोड़ दिया। बताया कि डीआईओएस कार्यालय की ओर से परीक्षा के संबंध में कोई दिशा निर्देश नहीं मिले। जबकि अर्द्धवार्षिक परीक्षा कोरोनाकाल के कारण न होने की बात कही। इस संबंध में डीआईओएस संत प्रकाश ने बताया कि सभी कॉलेजों को शैक्षिक पंचांग के साथ अलग से पत्र भी भेजे गए थे। परीक्षा न कराना बड़ी लापरवाही है। बताते हैं कि अब कॉलेज प्रशासन बिना परीक्षा ही छात्रों को अगली कक्षा में प्रमोट करने की तैयारी में लगा है। कॉलेज प्रशासन की इस लापरवाही का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।
यह मामला मेरे कार्यकाल का नहीं है। छात्रों की परीक्षाएं क्यों नहीं कराई गई, इसकी जानकारी मुझे नहीं है। जानकारी होने से मैंने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भेजकर अवगत कराया है। - डीसी गंगवार, प्रभारी प्रधानाचार्य, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज
सभी राजकीय इंटर कॉलेजों को शैक्षिक पंचांग के साथ परीक्षा संपन्न कराने को अलग से पत्र भेजा गया था। ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में भी परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए थे। इस मामले में प्रधानाचार्य का स्पष्टीकरण तलब किया गया है। - संत प्रकाश, जिला विद्यालय निरीक्षक