पीलीभीत। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं नजदीक आते ही शिक्षा विभाग ने छात्रों को बेहतर तैयारी का अवसर देने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। इस वर्ष प्री-बोर्ड परीक्षाओं को औपचारिकता से हटाकर मुख्य परीक्षा की तरह आयोजित किया जाएगा, ताकि छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा के वास्तविक माहौल से पहले ही परिचित हो सकें।
फरवरी 2025 में बोर्ड परीक्षाएं होंगी। परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी को लेकर प्री बोर्ड परीक्षा का भी कार्यक्रम जारी हो गया। इस बार विभाग ने प्री-बोर्ड परीक्षा के स्वरूप में अहम बदलाव किया है। इस बार प्री-बोर्ड परीक्षा पूरी तरह बोर्ड परीक्षा के पैटर्न और नियमों के अनुसार आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा से पहले वास्तविक अनुभव प्रदान करना है, इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ सके। इस वर्ष की प्री-बोर्ड परीक्षा की खास बात यह है कि इसमें वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा के दौरान सुरक्षित बचे मूल प्रश्न पत्रों का उपयोग किया जाएगा। इन प्रश्न पत्रों के माध्यम से छात्र प्रश्नों की प्रकृति, कठिनाई स्तर, शब्द सीमा और समय प्रबंधन को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे। इससे परीक्षा को लेकर छात्रों के मन में बना भय भी कम होगा।
डीआईओएस राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि प्री-बोर्ड परीक्षा के दौरान वही अनुशासन और व्यवस्थाएं लागू की जाएं जो बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर होती हैं। इसमें निर्धारित समय, उत्तर पुस्तिकाओं का प्रारूप और कक्ष निरीक्षकों की तैनाती शामिल है। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर छात्रों को उनकी कमियों से अवगत कराया जाएगा ताकि वे मुख्य परीक्षा से पहले उनमें सुधार कर सकें।