पीलीभीत। बृहस्पतिवार को जिले के आठ केंद्रों पर बीएड की परीक्षा होगी। 2323 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गईं हैं। परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन हो, इसके लिए पूरी तैयारी की गई है।
जिले में बनाए गए आठ केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। पाली की शुरुआत होने के आधा घंटे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसको लेकर पूर्व में ही आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा अभ्यर्थियों को अपने वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही पार्क करना होगा। इसके लिए केंद्रों पर इंतजाम किया गया है।
डीआईओएस ने बताया कि अभ्यर्थियों को जेल पेन से लिखने के लिए मना किया गया है क्योंकि उत्तर पुस्तिका में इंक फैल जाती है। ऐसे में अभ्यर्थियों को ही परेशानी होगी। इससे बेहतर है कि परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका में काले बॉल पेन का ही प्रयोग करें।
डीआईओएस गिरजेश कुमार ने बताया केंद्रों के प्रभारियों के साथ बैठककर दिशा-निर्देशों के बारे में भी बताया जा चुका है। इसके अलावा विश्विद्यालय के प्रोफेसर बतौर पर्यवेक्षक दोनों पालियों के दौरान निगरानी करेंगे। संवाद