बीसलपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अभिलेखों का निरीक्षण करते अधिकारी शाहिद हुसैन । संवा
बीसलपुर। सहायक स्वास्थ्य निदेशक कार्यालय बरेली के डिवीजनल प्रोजेक्ट मैनेजर शाहिद हुसैन ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया, इस दौरान काफी कमियां मिलीं। उन्होंने अधीनस्थों को कमियां अतिशीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
शाहिद हुसैन ने आपातकालीन और दवा वितरण कक्ष, पुरुष और महिला शौचालय, लैब, एक्सरे, डिलीवरी और नेत्र अनुभाग कक्ष, सफाई, पेयजल, प्रकाश, आदि व्यवस्थाओं को परखा। निरीक्षण में पुरुष शौचालय बंद मिला तो महिला शौचालय में अपेक्षित सफाई नहीं मिली।
उन्होंने अपने सामने ही महिला शौचालय की सफाई करवाई और पुरुष शौचालय खुलवा दिया। निरीक्षण के दौरान उन्हें बरामदे में मरीजों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिली। लैब में उस स्थान पर पंखा लगा नहीं मिला, जहां मरीज खड़े होते हैं।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में दवा लेने आए मरीजों से समस्याएं भी पूछीं। मरीजों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में नियमानुसार दो महिला एमबीबीएस डॉक्टर होने चाहिए, लेकिन एक भी नहीं है। इससे महिला मरीजों को दिक्कत होती है। मरीजों ने राजकीय महिला अस्पताल खुलवाने की भी मांग की।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र परिसर में वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े मिले तो स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. लेखराज गंगवार भी मौजूद नहीं थी। बताया गया कि वह फील्ड में गए हैं। उन्होंने उपस्थिति पंजिका का भी निरीक्षण किया। । उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को सभी खामियां अतिशीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।