बोर्ड परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी के दौरान एक दरोगा अचानक कुर्सी से गिरकर बेहोश हो गया। एसओ हजारा वहां से दरोगा को सरकारी अस्पताल लाए। घर वाले दरोगा को इलाज के लिए लखनऊ ले गए हैं।
एसओ भुवनेश कुमार गौतम ने बताया कि थाना हजारा पर तैनात दरोगा रामसनेही वर्मा की ड्यूटी, सिपाही अनोखे लाल के साथ कबीरगंज स्थित परीक्षा केंद्र शारदा हायर सेकेंड्री स्कूल में थी। बुधवार की सुबह ड्यूटी के दौरान दरोगा रामसनेही अचानक कुर्सी से गिरकर बेहोश हो गए। सिपाही की सूचना पर पहुंचे एसओ दरोगा को भरतपुर स्थित पीएचसी लाए।
डॉक्टर के बाहर ले जाने की सलाह पर खीरी जिले के पलियाकलां स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां दरोगा की पत्नी माधुरी वर्मा, पुत्र राहुल वर्मा और दामाद आदि लोग अस्पताल पहुंचे। एसओ ने बताया कि घर वाले दरोगा को इलाज के लिए मेडिकल कालेज लखनऊ ले गए हैं। उन्होंने बताया कि कि दरोगा रामसनेही वर्मा मूल रूप से लखीमपुर खीरी के मोहल्ला पटेलनगर निवासी हैं।