बरखेड़ा। आरसी जारी होने के बाद भी बजाज चीनी मिल ने किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान पर ध्यान नहीं दिया। सोमवार को राजस्व व गन्ना विभाग के अधिकारियों ने मिल पहुंचकर गोदाम पर ताले डलवा दिए। किसानों का चीनी मिल पर 114 करोड़ रुपये का भुगतान बकाया है।
बजाज चीनी मिल बरखेड़ा में गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों को हर साल भुगतान के लिए परेशान होना पड़ता है। बीते वर्ष के पेराई सत्र का बकाया मूल्य भुगतान चीनी मिल ने वर्ष 2025 में किया। इस वर्ष के पेराई सत्र का भुगतान अब तक मिल प्रशासन ने नहीं किया। विभागीय अफसरों ने कई बार मिल को नोटिस जारी किया। इसके बाद भी किसानों ने भुगतान नहीं किया गया।
कुछ दिन पूर्व गन्ना आयुक्त ने मिल को आरसी जारी की थी। इसके बाद सोमवार को एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडेय के निर्देश पर नायब तहसीलदार वीरपाल गन्ना विभाग की टीम के साथ चीनी मिल पहुंचे। गोदाम पर ताले लगा दिए गए। एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने बताया कि गन्ना आयुक्त की ओर से जारी आरसी वसूलने की प्रक्रिया के तहत बजाज चीनी मिल बरखेड़ा की चीनी की बिक्री पर रोक लगाते हुए गोदाम पर ताले डाले गए हैं।